
पालघर – चुनावी माहौल के मद्देनजर जिले में अवैध शराब की तस्करी पर कड़ी नजर रखते हुए पालघर पुलिस ने विक्रमगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दमण में निर्मित अवैध शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा जिसकी कुल कीमत लगभग ₹33 लाख बताई जा रही है।
सूत्रों से मिली गुप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने विक्रमगढ़-तलवाडा मार्ग पर दादाडे गांव के पास नाका बंदी लगाई थी। इस दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जाँच में ट्रक से दमण निर्मित अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ जिसकी कीमत लगभग ₹11 लाख है। वहीं जब्त किए गए ट्रक की कीमत करीब ₹22 लाख बताई गई। इस तरह कुल ₹33 लाख का माल पुलिस ने सीज़ किया।
चुनाव अवधि में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब की बढ़ती तस्करी की आशंका को देखते हुए जिले में निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जाँच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
