बोईसर के चित्रालय में 200 स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, करीब आधा टन कचरा किया एकत्र

बोईसर। वर्ल्ड मिशन सोसायटी चर्च ऑफ गॉड की ओर से बुधवार को बोईसर शहर के चित्रालय क्षेत्र में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में संस्था के करीब 200 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लेते हुए सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक क्षेत्र की सफाई की। इस दौरान करीब 70 बैग, लगभग आधा टन कूड़ा-कचरा एकत्र किया गया।
अभियान का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना था। बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की भागीदारी के चलते अभियान के दौरान चित्रालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई।
कार्यक्रम में बोईसर के नवनियुक्त डीवाईएसपी श्री दिनेश बैसाणे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा अनुसूचित जाती-जमाती आयोग, महाराष्ट्र की पूर्व अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्रीमती वैधही वढान, शिवसेना महिला आघाड़ी की पदाधिकारी, वंचित बहुजन आघाड़ी की पालघर जिला अध्यक्ष श्रीमती वैजन्तीमाला, दहानू शहर की समाजसेविका श्रीमती आशा दहात सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सालवड ग्राम पंचायत सदस्य एवं चित्रालय वार्ड अध्यक्ष श्री हेमंत जैन भी कार्यक्रम से जुड़े रहे।


इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने वर्ल्ड मिशन सोसायटी चर्च ऑफ गॉड द्वारा पालघर जिले सहित देशभर में किए जा रहे सामाजिक एवं मानवसेवा कार्यों की जानकारी दी। संस्था की ओर से स्वच्छता अभियान के अलावा रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, वृद्धाश्रमों में जरूरतमंदों की सहायता तथा प्राकृतिक आपदा के समय राहत सामग्री पहुंचाने जैसे विभिन्न सामाजिक कार्यों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में शामिल अतिथियों ने संस्था के सामाजिक कार्यों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान जैसे उपक्रमों के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी के लिए भी प्रेरित किया जा सकता है। अतिथियों ने संस्था के भविष्य के सामाजिक कार्यों के लिए सहयोग और समर्थन देने की बात कही।
तीन घंटे चले इस अभियान के माध्यम से संस्था के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ शहरवासियों को अपने आसपास का परिसर स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top